बरेली: जनता दर्शन में सुनी गई शिकायत, मंत्री धर्मपाल सिंह के निर्देश पर श्रीनगर कॉलोनी में निर्माण का रास्ता होगा साफ

बरेली: जनता दर्शन में सुनी गई शिकायत, मंत्री धर्मपाल सिंह के निर्देश पर श्रीनगर कॉलोनी में निर्माण का रास्ता होगा साफ
बरेली। शनिवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस दौरान बरेली से पहुंचे कुछ फरियादियों ने श्रीनगर आवास कॉलोनी, वार्ड संख्या 65 की समस्या मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के मानचित्र में दर्शाया गया रास्ता बंद है, इसके बावजूद दूसरी कॉलोनी के लोग अवैध रूप से अंदर से आवागमन कर रहे हैं। इससे कॉलोनी में रहने वाले बुजुर्गों और छोटे बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जारी पत्रांक मं०प०दु०वि०/रा०पें०/कैम्प आँवला सं0-986/26 के माध्यम से उपजिलाधिकारी सदर बरेली को निर्देशित किया गया है कि श्रीनगर कॉलोनी में स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जाए।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में आ रही सभी बाधाओं को दूर किया जाए और किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही पर रोक लगाई जाए। साथ ही, पुलिस बल की सहायता से मौके पर पहुंचकर मानचित्र के अनुरूप निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए।
मंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है और जल्द ही मौके पर कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। इस कदम से कॉलोनी निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।






