बरेली में सीएम योगी बोले- शिक्षक हैं राष्ट्र निर्माता, भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में की मतदान की अपील

बरेली में सीएम योगी बोले- शिक्षक हैं राष्ट्र निर्माता, भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में की मतदान की अपील
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली क्लब में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र और युग निर्माता बताते हुए शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी भर्ती, कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
शिक्षक समाज को देते हैं नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी शिक्षा व्यवस्था से होती है। भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोपरि रहा है। शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता हैं। उत्कृष्ट शिक्षक ही समाज को सही दिशा देकर महापुरुषों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार का दावा
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में शिक्षकों की पारदर्शी भर्ती की गई। कायाकल्प अभियान और अलंकार योजना के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों में सुधार किया गया है। नकलविहीन परीक्षाओं से विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने शिक्षकों को कैशलेस इलाज और बीमा जैसी सुविधाएं दिए जाने का भी उल्लेख किया।
कानून-व्यवस्था पर सपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगों की घटनाएं होती थीं, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। बरेली की पहचान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर अब झुमके के साथ-साथ ‘नाथ नगरी’ के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।
सपा शासन पर साधा निशाना
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में शिक्षा और भर्ती व्यवस्था की अनदेखी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिले और चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।





