बरेली: धान खरीद केंद्रों पर ही होगी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, डीएम ने दिए निर्देश।

बरेली: धान खरीद केंद्रों पर ही होगी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, डीएम ने दिए निर्देश
140 क्रय केंद्रों पर खरीद की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, किसानों को मिलेंगी बैठने, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं
बरेली। जिले में धान बेचने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के अभाव में परेशान नहीं होना पड़ेगा। धान क्रय केंद्रों पर ही किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने में मदद के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इससे किसानों को रजिस्ट्री के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह निर्देश बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीद की समीक्षा के दौरान दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी धान क्रय केंद्रों पर खरीद से संबंधित व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर बोरों, आवश्यक अभिलेखों और इलेक्ट्रॉनिक कांटों की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
जिले में बनाए गए हैं 140 धान क्रय केंद्र
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अतुल कुमार ने कार्यशाला में बताया कि जिले में कुल 140 धान क्रय केंद्र संचालित किए जाने हैं। इनमें खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 35, यूपीएसएस के 27, पीसीयू के 28, मंडी समिति के दो और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के दो केंद्र शामिल हैं।
किसानों की सुविधाओं पर रहेगा जोर
डीएम ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल और जलपान सहित जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने मजदूरों को पहचानपत्र उपलब्ध कराने तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि धान खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी और केंद्र प्रभारी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी ढंग से संचालित हो सके।
कार्यशाला में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह सहित सभी धान क्रय केंद्र प्रभारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





