बरेली में खुरपका-मुंहपका रोग के टीकाकरण अभियान की शुरुआत, 45 दिनों में 5.84 लाख पशुओं को लगेगा टीका
बरेली में खुरपका-मुंहपका रोग के टीकाकरण अभियान की शुरुआत, 45 दिनों में 5.84 लाख पशुओं को लगेगा टीका

बरेली। जनपद में राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका रोग (एफएमडी) के आठवें चरण के टीकाकरण अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन से टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के तहत अगले 45 दिनों में 5,84,550 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, टीवी, रेडियो, समाचार पत्रों और पोस्टरों के माध्यम से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं।
53 टीमें करेंगी अभियान का संचालन
अधिकारियों ने बताया कि जनपद के 15 विकासखंडों की 1,188 ग्राम पंचायतों में टीकाकरण के लिए कुल 53 टीमें गठित की गई हैं। अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए 277 पैरावेट/मैत्री, 46 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, 24 पशुधन प्रसार अधिकारी, 22 पशु चिकित्सा अधिकारी और 6 उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी तैनात किए गए हैं।
भारत पशुधन ऐप पर होगा डेटा अपलोड
विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में निदेशक डॉ. संगीता तिवारी ने निर्देश दिए कि टीकाकरण माइक्रो प्लान के अनुसार ही किया जाए। वैक्सीन की कोल्ड-चेन 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखने, पशुओं की टैगिंग करने और टीकाकरण का शत-प्रतिशत डेटा भारत पशुधन ऐप पर उसी दिन अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने प्री और पोस्ट सीरम सैंपल समय से मंडलीय लैब भेजने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश की लगातार निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में अपर निदेशक डॉ. मदन पाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनमोहन पांडेय, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. वर्मा सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, पैरावेट और वैक्सीनेटर मौजूद रहे।





