ग्रीनफील्ड बाईपास निर्माण की प्रक्रिया तेज, डीएम ने किया प्रस्तावित मार्ग का स्थल निरीक्षण
स्थानीय बाजार में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रस्तावित ग्रीनफील्ड बाईपास पथ के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी सहिला और अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम ने धनसोई पहुंचकर प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत चिरैंयाटाड़ मोड़ से करीब 200 मीटर दक्षिण दिशा से की गई, जहां से यह प्रस्तावित बाईपास धनसोई–दिनारा मुख्य पथ से जुड़ेगा। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाईपास मार्ग की चौड़ाई, भूमि की उपलब्धता, संभावित अड़चनें और निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया।
समयबद्ध कार्य पर डीएम का जोर
स्थल निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बाईपास निर्माण कार्य को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना का उद्देश्य न केवल यातायात दबाव कम करना है, बल्कि क्षेत्र के व्यावसायिक और आवागमन तंत्र को भी सुचारू बनाना है।
प्रशासन का मानना है कि ग्रीनफील्ड बाईपास के निर्माण से बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और भारी वाहनों का दबाव भी कम होगा। निरीक्षण के बाद अब आगे की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने की तैयारी की जा रही है।




