बरेली में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ अभियान, उपमुख्यमंत्री ने किया जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
मौर्य ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महापौर डॉ. उमेश गौतम और मंत्री डॉ. अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था और सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।






