चुनाव हारने पर ईवीएम और आयोग को बदनाम करता है विपक्ष : जेपी नड्डा

चुनाव हारने पर ईवीएम और आयोग को बदनाम करता है विपक्ष : जेपी नड्डा
बरेली। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को बरेली में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव चुनाव हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं, जबकि जीत मिलने पर अपनी योग्यता का श्रेय लेते हैं।
नड्डा ने कहा कि भारत का लोकतंत्र देश के नागरिक चलाएंगे, घुसपैठिए नहीं। घुसपैठियों के समर्थन में खड़े होने वालों को जनता नकार देगी। उन्होंने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट की प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास कमजोर करने का आरोप लगाया।
एसआईआर का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण 12 बार हो चुका है। इस बार भी बीएलओ ने घर-घर जाकर प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों में मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता शामिल हैं। एक व्यक्ति का दो स्थानों पर वोट नहीं होना चाहिए।
पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि का हवाला देते हुए नड्डा ने घुसपैठ का मुद्दा उठाया। वहीं, आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। ईवीएम हैकिंग की चुनौती और चुनाव में धांधली के आरोपों पर उन्होंने विपक्ष से प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा।
नड्डा ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं पर भ्रष्टाचार और हिंसा के मामलों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल उठाने के बजाय जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए। अंत में उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए एनडीए को मजबूत बनाने का आह्वान किया।





