पानी संकट पर नगर पंचायत की पहल, टैंकरों से पहुंचाया जा रहा स्वच्छ जल, सफाई व्यवस्था भी तेज

पानी संकट पर नगर पंचायत की पहल, टैंकरों से पहुंचाया जा रहा स्वच्छ जल, सफाई व्यवस्था भी तेज
बरेली। नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां एवं आसपास के मोहनपुर क्षेत्र में पेयजल संकट और साफ-सफाई की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी की उपलब्धता प्रभावित होने से लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्वच्छ पेयजल और नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर भी नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने के कारण कई स्थानों पर पेयजल संकट गहरा गया है। इस समस्या को लेकर तहसील सदर स्तर तक शिकायतें पहुंची हैं, जिसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने स्थिति पर गंभीरता से काम शुरू कर दिया है।
नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां के चेयरमैन इमरान अली एवं अधिशासी अधिकारी सपना भारद्वाज ने बताया कि पेयजल संकट से निपटने के लिए नगर पंचायत द्वारा विभिन्न वार्डों में पानी के टैंकर और जल आपूर्ति वाहन लगाए गए हैं, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है और प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि नगर पंचायत की प्राथमिकता आम नागरिकों को स्वच्छ पानी और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति को पानी और सफाई संबंधी समस्याओं के कारण परेशान नहीं होने दिया जाएगा तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से जल्द ही पानी और सफाई से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान निकल सकेगा।






