बरेली: 26 श्रद्धालुओं का कांवड़ जत्था कछला घाट के लिए रवाना, शिव मंदिर में जलाभिषेक कर करेंगे यात्रा का समापन
LIVE BHARAT TV न्यूज़ नेटवर्क

बरेली। बिथरी चैनपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम म्यूडी खुर्द कला से रविवार को 26 श्रद्धालुओं का कांवड़ जत्था कछला घाट के लिए रवाना हुआ। यात्रा का नेतृत्व पूर्व प्रधान करन सिंह ने किया। रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने गांव के प्राचीन शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।पूजा-अर्चना के बाद “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी धार्मिक यात्रा शुरू की। कांवड़िए कछला घाट से पवित्र गंगाजल लेकर वापस गांव लौटेंगे और शिव मंदिर में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक करेंगे।कांवड़ यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।पूर्व प्रधान करन सिंह ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सेवा, संयम और श्रद्धा का भी महापर्व है, जिसे शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न करना सभी की जिम्मेदारी है।
कांवड़ यात्रा में मोहित पटेल, मोमराज, हिमांशु, चंद्रप्रकाश, आकाश, कपिल पटेल, अनिल पटेल, अमित पटेल, सत्येंद्र पटेल, विकास पटेल, निशांत पटेल, विकास कटियार, केशव पटेल, अरविंद, नरेंद्र पटेल, अमन कटियार, हिमांशु पटेल, आकाश सहित कुल 26 श्रद्धालु शामिल हैं। ग्रामवासियों ने भगवान भोलेनाथ से सभी कांवड़ियों की सकुशल यात्रा एवं सफल जलाभिषेक की प्रार्थना करते हुए उनके सुरक्षित लौटने की कामना की।
ब्यूरो रिपोर्ट | लाइव भारत टीवी | उत्तर प्रदेश






