बरेली के इज्जतनगर हाईवे पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; दो की मौत, एक गंभीर

बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में हाईवे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक की पहचान देव पुत्र वीरपाल, निवासी नथुरामपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देव अपनी मौसी को दवा दिलाने के लिए बाइक से लेकर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से निकल गया। पुलिस घटना से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






