उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया जे.जी. भार्गवी प्लाईवुड फैक्ट्री का भव्य शुभारंभ, बोले- बरेली मेरा घर, युवाओं को मिलेगा रोजगार

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया जे.जी. भार्गवी प्लाईवुड फैक्ट्री का भव्य शुभारंभ, बोले- बरेली मेरा घर, युवाओं को मिलेगा रोजगार
(बरेली)। क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। रिठौरा के पिपरिया रामदयाल स्थित जे.जी. भार्गवी इण्डस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड की प्लाईवुड फैक्ट्री का उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर तथा मुख्य मशीन का बटन दबाकर फैक्ट्री में उत्पादन कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर फैक्ट्री के निदेशक मंडल के सदस्य वरुण मिश्र, पंडित रामगोपाल मिश्र, तान्या रस्तोगी, शालिनी मिश्रा, कृष्ण गोपाल मिश्र, पूनम मिश्रा तथा महाप्रबंधक (जीएम) विमल अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
बरेली मेरा घर, यहां के लोग मेरे परिवार के सदस्य: ब्रजेश पाठक
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पंडित रामगोपाल मिश्र उनके अभिन्न मित्र हैं। उन्होंने अपनी जीवनभर की पूंजी लगाकर इस उद्योग की स्थापना की है। यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कामना की कि माता लक्ष्मी की कृपा उन पर सदैव बनी रहे और उद्योग निरंतर प्रगति करे।
बरेली से अपने आत्मीय संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “बरेली मेरा घर है और यहां का प्रत्येक नागरिक मेरे परिवार का सदस्य है।” उन्होंने कहा कि जे.जी. भार्गवी इण्डस्ट्री की स्थापना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
शुभारंभ समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र, रिठौरा चेयरमैन शकुंतला देवी, पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि अमित कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, उद्यमी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फैक्ट्री के शुभारंभ को क्षेत्र में औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






