बरेली में सीएम योगी के दौरे को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन, सुबह 7 बजे से लागू होंगे प्रतिबंधl

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को बरेली दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह व्यवस्था सुबह 7 बजे से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है।
इन रास्तों से शहर में नहीं आ सकेंगे भारी वाहन
यातायात पुलिस के मुताबिक, परसाखेड़ा रोड नंबर एक, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्टनगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। पुराने बस अड्डे से बसों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। सभी रोडवेज बसें सेटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
दिल्ली और रामपुर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास होते हुए भमोरा तक जा सकेंगे। नैनीताल और पीलीभीत रोड से बदायूं जाने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर और रजऊ परसपुर तिराहे से होते हुए बड़ा बाइपास से गुजरेंगे।
दिल्ली और रामपुर से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास, झुमका, बिलवा, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी के रास्ते जाएंगे। बदायूं से दिल्ली जाने वाले वाहन बड़ा बाइपास का उपयोग करेंगे।
रोडवेज और स्कूल बसों के लिए भी निर्देश
दिल्ली, रामपुर और पीलीभीत से बरेली आने वाली रोडवेज बसें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से सेटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। बरेली से बदायूं जाने वाली बसें रजऊ परसपुर तिराहा, फतेहगंज पूर्वी, बुखारा मोड़ और देवचरा होकर जाएंगी। शाहजहांपुर और लखनऊ से आने वाली बसें रजऊ परसपुर तिराहे से होते हुए सेटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी तिराहा, सर्किट हाउस चौराहा, पटेल चौक और गांधी उद्यान की ओर स्कूल बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील
एसपी यातायात अकमल खान ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी कर लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।






