सीएम योगी की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार, छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि

file_0000000010d482118196038ce406a28c
No Slide Found In Slider.

पंचतत्व में विलीन हुईं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी, छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि; अंतिम विदाई में भावुक हुए सीएम योगी

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके सबसे छोटे बेटे महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि दी। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और अंतिम संस्कार से पहले श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे गांव से उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन, जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं।

करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडी घाट पहुंची। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। अंतिम दर्शन के दौरान वह भावुक दिखाई दिए। मां की चिता को मुखाग्नि दिए जाने के समय भी माहौल गमगीन रहा।

ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर दी अंतिम विदाई

पंचूर गांव से हरिद्वार तक अंतिम यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर लोगों ने शव वाहन पर फूल बरसाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। अंतिम यात्रा के दौरान लगातार भगवद्गीता का पाठ किया जाता रहा।

13 अखाड़ों के संत-महात्मा सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे

चंडी घाट पर अंतिम संस्कार में संत समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों और 13 अखाड़ों के आचार्य एवं श्रीमहंतों की मौजूदगी रही। योग गुरु स्वामी रामदेव भी संतों के साथ श्रद्धांजलि देने पहुंचे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के मंत्री, जनप्रतिनिधि और भाजपा की वरिष्ठ नेता बांसुरी स्वराज सहित कई गणमान्य लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पारिवारिक परंपरा के अनुसार हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे पारिवारिक परंपरा जुड़ी है। पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार परंपरागत रूप से हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी को भी चंडी घाट लाया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था। कोरोना संक्रमण के दौर में परिस्थितियों के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।

मां को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ी भीड़ और संत समाज सहित राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी के बीच हरिद्वार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV