कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किसानों को सौंपे कृषि यंत्र व प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
किसानों को कृषि यंत्र बांटे, हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का आह्वान

बरेली। मंडी परिसर कार्यालय में शुक्रवार को किसानों के लिए कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किसानों को कृषि यंत्र एवं उनसे संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए। कृषि यंत्र मिलने पर किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भी किसानों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम में विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों को कृषि यंत्रों सहित सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने किसानों से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाने और हर घर तिरंगा अभियान में सामूहिक रूप से भागीदारी करने की अपील की। मंडी सचिव संतोष यादव की मौजूदगी में चयनित किसानों को कृषि यंत्रों के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और विधायक के हाथों कृषि यंत्रों का वितरण कराया गया। किसानों को योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभ के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कृषि यंत्र पाकर खिले किसानों के चेहरे
कृषि यंत्र मिलने के बाद किसानों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रोत्साहित करते हुए लंच बॉक्स भी वितरित किए गए। मौजूद किसानों ने सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी ली और कृषि यंत्र मिलने पर खुशी जताई।
तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस का दिया संदेश
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों को हर घर तिरंगा अभियान के महत्व के बारे में बताया। उनसे अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में परिवार और ग्रामीणों के साथ बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, मंडी से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






