अपराध नियंत्रण से लेकर सड़क सुरक्षा तक सख्ती के निर्देश, डीआईजी मुनिराज जी ने की पुलिस कार्यों की व्यापक समीक्षा।
अपराध नियंत्रण से लेकर सड़क सुरक्षा तक सख्ती के निर्देश, डीआईजी मुनिराज जी ने की पुलिस कार्यों की व्यापक समीक्षा
सीसीटीएनएस पर 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश, ई-साक्ष्य एप के प्रभावी इस्तेमाल पर दिया जोर
लाइव भारत टीवी, बरेली। बरेली परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से गुरुवार को डीआईजी मुनिराज जी ने रेंज कार्यालय में चारों जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़क सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और महिला संबंधी अपराधों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिसिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जीरो फैटैलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। आमजन को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाए।
उन्होंने विवेचनाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए ई-साक्ष्य एप के अधिकाधिक इस्तेमाल पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि एप पर एसआईडी क्रिएशन कर वीडियोग्राफी बयान, घटनास्थल के फोटो, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाया जाए, जिससे जांच की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों पर सख्ती
डीआईजी ने सीसीटीएनएस पोर्टल पर 60 एवं 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों में लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा। न्यायालय से समन्वय स्थापित कर ई-समन जारी कराने तथा समन की समय से तामीला कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसिंग से जुड़े एप और पोर्टल पर डेटा फीडिंग नियमित रूप से शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों की पहचान और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल हो सके।
नशे के कारोबार और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई
बैठक में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई/68एफ, पीआईटी एनडीपीएस एक्ट और ऑपरेशन दहन के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीआईजी ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गैंगस्टर एक्ट, गोतस्करी और एनएसए के मामलों में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
डीआईजी ने साइबर हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पीड़ितों की धनराशि से संबंधित लीन अमाउंट की स्थिति पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की विवेचनाएं समय से पूरी करने और दहेज उत्पीड़न के प्रकरणों की विवेचना महिला थानों से कराने के निर्देश भी दिए गए।
गंभीर अपराधों की विवेचना में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में हत्या, लूट, छिनैती, नकबजनी, वाहन चोरी, फिरौती, डकैती, दुष्कर्म, दहेज हत्या, पॉक्सो एक्ट, अपहरण और अवैध मतांतरण जैसे गंभीर अपराधों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, सोशल मीडिया और अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी मुनिराज जी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनविश्वास बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को समय से न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
