किसानों, गोवंश और मरीजों पर मंडलायुक्त का फोकस, 13 अधूरी हैंडओवर योजनाओं पर जताई नाराजगी
धान खरीद से गौशालाओं तक, मंडलायुक्त का सख्त रुख; लापरवाही पर कार्रवाई और अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश
बरेली। धान खरीद में लापरवाही, गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बरेली समेत मंडल के चारों जिलों के विकास, राजस्व व जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
धान खरीद केंद्रों पर लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
बैठक की शुरुआत धान खरीद की समीक्षा से हुई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों पर शत-प्रतिशत धान खरीद शुरू कराई जाए। केंद्रों पर प्रभारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर मौजूद रहें। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीज और खाद वितरण की भी जानकारी ली गई।
गन्ना खरीद की समीक्षा में बताया गया कि एक-दो चीनी मिलों को छोड़कर अन्य मिलों में किसानों का भुगतान चार से छह दिनों के भीतर किया जा रहा है। कोहरे के मौसम को देखते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं रात में धान क्रय केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों के लिए शेड, पेयजल, कैंटीन और अलाव जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
गौशालाओं में ठंड से बचाव की होगी जांच, बनेगी चेकलिस्ट
शीतलहर के मद्देनजर पशुपालन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि गोवंश को ठंड से बचाने के लिए सभी गौशालाओं में जरूरी इंतजाम किए जाएं। इसके लिए चेकलिस्ट तैयार की जाए और उसी के आधार पर प्रत्येक गौशाला का निरीक्षण कराया जाए। सभी मुख्य विकास अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
टैबलेट वितरण और स्कूटी योजना की भी हुई समीक्षा
शिक्षा और छात्र कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि बरेली जिले को 15 हजार टैबलेट वितरण के लिए मिले हैं, जिनमें से करीब आधे वितरित किए जा चुके हैं। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत मंडल में 451 लाभार्थियों का चयन हुआ है। इनमें से 179 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल, जांच और सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने डायलिसिस और सीटी स्कैन सेवाओं का लाभ लेने वाले मरीजों की संख्या कम होने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जब ये सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हैं तो इनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहा, इसकी समीक्षा की जाए।
उन्होंने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के तहत अधिक से अधिक स्वास्थ्य इकाइयों का प्रमाणीकरण कराने, सरकारी और निजी अस्पतालों में मातृ मृत्यु की रिपोर्टिंग समय से सुनिश्चित करने तथा एचपीवी टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। चिकित्सा केंद्रों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त रखने और डेंगू के मामलों की पहचान के लिए एलाइजा जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।
बदायूं मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी के दौरान रेबीज वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी पर मंडलायुक्त ने इसे नियमित ओपीडी में भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा मिल सके।
13 पूरी हो चुकी योजनाएं अब तक हैंडओवर नहीं
निर्माण कार्यों की समीक्षा में दो करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की प्रगति देखी गई। इनमें सैटेलाइट बस स्टेशन और नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत कांवर स्थलों का निर्माण शामिल है। बताया गया कि ये कार्य फिलहाल प्रक्रिया में हैं।
समीक्षा में एक अहम बात सामने आई कि 13 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक संबंधित विभागों को हैंडओवर नहीं की गई हैं। इस पर मंडलायुक्त ने सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। जल निगम के कार्यों के दौरान तोड़ी गई सड़कों का सत्यापन कराने और मिली कमियों को दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
स्टांप चोरी और शराब की ओवररेटिंग पर होगी जांच
कर-करेत्तर राजस्व की समीक्षा में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, नगर निकाय और आरसी वसूली की स्थिति पर चर्चा हुई। स्टांप रजिस्ट्रेशन में 932 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 912 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने राजस्व लक्ष्य पूरा करने के साथ स्टांप चोरी की आशंका वाले मामलों में जांच कराने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग ने बताया कि अब तक 663 छापे मारे जा चुके हैं और 74 लोगों को जेल भेजा गया है। इस पर मंडलायुक्त ने शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों की भी जांच कराने को कहा। विद्युत देय की वसूली की समीक्षा के साथ बिजली दुर्घटनाओं में प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुराने राजस्व मुकदमों और अवैध कब्जों पर भी सख्ती
मंडलायुक्त ने पुराने राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। मत्स्य पालन के पट्टों का आवंटन कर संबंधित धनराशि जल्द जमा कराने के निर्देश दिए। तालाबों और खलिहानों की जमीन पर अवैध कब्जे मिलने पर उन्हें शीघ्र हटवाने को कहा गया।
इसके अलावा एसएसआर के तहत जेंडर रेशियो और ईपीआईसी रेशियो में सुधार पर ध्यान देने तथा नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए गए।
चारों जिलों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के अलावा चारों जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। योजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए।
