चार सीओ की विदाई पर भावुक हुआ बरेली पुलिस परिवार, गाड़ियों को धक्का देकर दी गई अनोखी विदाई।
चार सीओ की विदाई पर भावुक हुआ बरेली पुलिस परिवार, गाड़ियों को धक्का देकर दी गई अनोखी विदाई
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, सहकर्मियों ने नम आंखों और आत्मीयता के साथ दी विदाई; नगर द्वितीय, बहेड़ी, नवाबगंज और फरीदपुर के सीओ का गैर जनपद तबादला
बरेली। सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन जब साथ काम करने वाले अधिकारियों के बीच आत्मीय संबंध बन जाते हैं तो विदाई के पल भावुक कर जाते हैं। ऐसा ही नजारा बरेली की रिजर्व पुलिस लाइन में देखने को मिला, जहां गैर जनपद स्थानांतरित हुए चार क्षेत्राधिकारियों को पुलिस परिवार ने सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी। समारोह के बाद सहकर्मियों द्वारा अधिकारियों की गाड़ियों को धक्का देकर रवाना करने का दृश्य चर्चा का विषय बन गया।
रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित विदाई समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय नितिन कुमार, क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नवाबगंज नीलेश मिश्र और क्षेत्राधिकारी फरीदपुर संदीप सिंह को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान एसएसपी सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने चारों अधिकारियों के साथ बिताए कार्यकाल को याद किया। उनके कार्यव्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और विभागीय दायित्वों के प्रति समर्पण की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि कार्यकाल के दौरान स्थापित आपसी तालमेल और सहयोग की भावना हमेशा याद रहेगी।
नई तैनाती के लिए दी शुभकामनाएं
विदाई समारोह में चारों स्थानांतरित अधिकारियों ने भी बरेली में बिताए अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और साथी पुलिसकर्मियों से मिले सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही कहा कि बरेली में बिताए गए समय और यहां बने रिश्तों को हमेशा याद रखेंगे।
एसएसपी अनुराग आर्य सहित उपस्थित अधिकारियों ने चारों क्षेत्राधिकारियों को नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफल कार्यकाल की कामना की।
गाड़ियों को धक्का देकर दी विदाई, भावुक कर गया नजारा
समारोह का सबसे खास और भावुक पल उस समय देखने को मिला, जब चारों अधिकारी विदाई के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना होने लगे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी गाड़ियों को धक्का देकर विदा किया। सहकर्मियों के इस अनूठे अंदाज ने विदाई समारोह को यादगार बना दिया।
यह दृश्य पुलिस विभाग के भीतर अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बने आपसी स्नेह, सम्मान और सहयोग को दर्शाता नजर आया। वर्दी के अनुशासन के बीच भावनाओं से भरे इन पलों ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम, क्षेत्राधिकारी मीरगंज, क्षेत्राधिकारी आंवला, क्षेत्राधिकारी एलआईयू सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: लाइव भारत टीवी, बरेली।
