मासूम की मौत के बाद जुगाड़ वाहनों पर डीआईजी मुनिराज सख्त, अवैध वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान; जाम से निपटने को बनेगा ट्रैफिक प्लान।

file_000000002c9c8208b5927ed7fac1b817
No Slide Found In Slider.

मासूम की मौत के बाद जुगाड़ वाहनों पर डीआईजी मुनिराज सख्त, अवैध वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान; जाम से निपटने को बनेगा ट्रैफिक प्लान

 

बरेली में बेलगाम जुगाड़ वाहनों पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसपी ट्रैफिक को कार्रवाई के निर्देश; जरूरत के मुताबिक वन-वे होंगे मार्ग, चौराहों और फ्लाईओवर के आसपास जाम खत्म करने पर जोर

 

बरेली। शहर की सड़कों पर बिना रजिस्ट्रेशन और परमिट के दौड़ रहे जुगाड़ वाहनों की मनमानी पर अब पुलिस शिकंजा कसने की तैयारी में है। माधोबाड़ी में जुगाड़ वाहन की चपेट में आने से ढाई साल की मासूम बच्ची की मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। डीआईजी मुनिराज जी. ने अवैध रूप से संचालित जुगाड़ वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

 

शुक्रवार को डीआईजी ने रेंज कार्यालय में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और एएसपी शिवम आशुतोष सिंह के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों और फ्लाईओवर के आसपास लगने वाले जाम से निपटने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाए।

न रजिस्ट्रेशन, न परमिट, सड़कों पर दौड़ रहे जुगाड़ वाहन

शहर में बाइक के इंजन निकालकर तीन पहिया ठेलों और रिक्शों में फिट कर जुगाड़ वाहन तैयार किए जा रहे हैं। बिना रजिस्ट्रेशन और परमिट के संचालित होने वाले इन वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। श्यामगंज, नरकुलागंज, कालीबाड़ी और माधोबाड़ी समेत कई व्यस्त इलाकों में इनकी आवाजाही देखी जा सकती है।

इन वाहनों में क्षमता से अधिक सामान लादकर सड़कों पर दौड़ाया जाता है। इनकी बनावट और नियंत्रण व्यवस्था भी सुरक्षा के लिहाज से सवालों के घेरे में है। गुरुवार को माधोबाड़ी में हुए हादसे में मासूम की जान जाने के बाद इन वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी गंभीर हो गई है।

आईसीसीसी कैमरों से नहीं हो पाते चालान, अब सीधे सड़क पर कार्रवाई

जुगाड़ वाहनों पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं होने के कारण इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के कैमरों से इनका चालान करना भी मुश्किल होता है। इसी का फायदा उठाकर चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। डीआईजी ने एसपी ट्रैफिक को विशेष अभियान चलाकर ऐसे अवैध वाहनों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

चौराहों और फ्लाईओवर पर जाम खत्म करने की तैयारी

बरेली के प्रमुख चौराहों और फ्लाईओवर के आसपास लगने वाला जाम शहरवासियों के लिए रोजाना की परेशानी बन चुका है। सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगने से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि लगातार जाम की समस्या वाले मार्गों को चिह्नित कर वहां यातायात सुधार के लिए ठोस योजना बनाई जाए। आवश्यकता के अनुसार कुछ रास्तों को वन-वे करने, चौराहों के आसपास बेतरतीब खड़े वाहनों को नियंत्रित करने और यातायात संचालन को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया।

निर्देशों के बाद कार्रवाई का इंतजार

डीआईजी की सख्ती के बाद अब यातायात पुलिस के सामने अवैध जुगाड़ वाहनों पर रोक लगाने के साथ शहर को जाम से राहत दिलाने की चुनौती है। विशेष अभियान और नई यातायात योजना कितनी प्रभावी साबित होती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। फिलहाल शहरवासियों को उम्मीद है कि पुलिस की पहल से सड़कों पर बेलगाम जुगाड़ वाहनों की आवाजाही पर लगाम लगेगी और रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

रिपोर्ट: लाइव भारत टीवी, बरेली।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

You may have missed