आंवला लोकसभा के फरीदपुर में भाजपा प्रत्याशी के लिए सीएम ने मांगे वोट
LIVE BHARAT TV न्यूज़ नेटवर्क

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरेली के फरीदपुर में आंवला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। फरीदपुर आंवला लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यहां रामलीला मैदान पर जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को फरीदपुर के रामलीला मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राम मंदिर का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि जो कभी नहीं हुआ, वो अब हुआ है। रामलला का भव्य मंदिर बन गया है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग बना पाते क्या? ये लोग बोलते थे कि राम थे ही नहीं। जब राम मंदिर बन गया तो बोलते हैं राम सबके हैं। इन लोगों का दोहरा चरित्र है। चुनाव जब आएगा, तब आपके पास आएंगे। चुनाव के बाद पहचानेंगे भी नहीं नहीं। वह फिल्मी गाना है, मेरे अंगने में तुम्हारा क्या…, यही बोलेंगे। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग झूठ बहुत बोलते हैं। सपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले दुनिया में सम्मान नहीं था। आतंकवादी गतिविधियां बढ़ रही थीं। बेटी-व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। लोग भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करता था। आस्था के साथ खिलवाड़ होता था। कांग्रेस की सरकारें कहती थीं कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं। समाजवादी पार्टी के लोग कहते थे जय श्रीराम बोलोगे तो अंदर बंद कर देंगे। 2014 के बाद भारत देखिए। दुनिया में सम्मान बढ़ा है। सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हुआ है। अब कहीं पटाखा भी फूटा है तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है। यह नया भारत है नया भारत छेड़ता नहीं है लेकिन कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी है। सरकार के कामों को गिनाया सीएम योगी ने सरकार के कामों को गिनाया। कहा कि आज एक तरफ सुरक्षा और सम्मान है, दूसरी तरफ विकास और लोक कल्याण है। 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत के तहत लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह भी व्यवस्था की है कि अगर कोई गरीब बीमार पड़ता है, आयुष्मान का कार्ड नहीं है या नहीं बन पाया है। अगर कोई विधायक, सांसद या भाजपा का कोई पदाधिकारी या पीड़ित भी पत्र भेज देता है तो सीधे लखनऊ से उनके जनधन खाते में पैसा भेजा जाता है। यह आपकी सरकार है। आप इसके मालिक हैं। लोगों से मतदान की अपील मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के तीसरे चरण में आपको मतदान करना है। हर भारतवासी के लिए लोकतंत्र का पर्व गौरव का क्षण होता है। यह पर्व अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार देता है। अगर सरकार गलत काम करती है, तो उसे सत्ता से हटाने की ताकत जनता के पास है। कोई अच्छा काम करता है तो सत्ता का सिंहासन उसे सौंपने का काम भी जनता करती है। इसलिए इसमें भागीदार बनना है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आपने सपा, बसपा और कांग्रेस को देखा है। नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को भी आपने देखा है। निर्णय आपको लेना है।
ब्यूरो रिपोर्ट बरेली ब्यूरो