बरेली में मिनी बाईपास से किला तक डीएम का निरीक्षण, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के निर्देश।

नदी की भूमि पर बसाई गई कॉलोनियों से जलभराव की समस्या, सीमांकन और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के निर्देश
बरेली, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने रविवार, 13 सितंबर को मिनी बाईपास और किला क्षेत्र की जलभराव प्रभावित कॉलोनियों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर जलभराव की समस्या और उसके कारणों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मिनी बाईपास क्षेत्र स्थित लाजपत नगर, केसर वाटिका, त्रिवेणी एनक्लेव तथा किला क्षेत्र की बालाजी विहार कॉलोनी का निरीक्षण किया। मौके पर कई स्थानों पर जलनिकासी की स्थिति देखी गई और संबंधित अधिकारियों से भूमि अभिलेखों एवं कॉलोनियों के मानचित्र के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ स्थानों पर नदी एवं जलप्रवाह से संबंधित भूमि पर कॉलोनियां विकसित होने तथा प्राकृतिक जलनिकासी मार्ग प्रभावित होने से जलभराव की समस्या गंभीर हुई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराया जाए और अवैध कब्जों की पहचान की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नदी अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन भवनों एवं कॉलोनियों का निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के किया गया है, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार निर्माणों को सील कराया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और भविष्य में जलभराव की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित न रहे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक, राजस्व, विकास प्राधिकरण और नगर निकाय के अधिकारी मौजूद रहे।






