असामाजिक तत्वों के खिलाफ गरजे सांसद तनुज पुनिया, बोले– बाबा साहब की प्रतिमा अपमान बर्दाश्त नहीं
गंगापुर पहुंचे कांग्रेस सांसद, पीड़ित ग्रामीणों से ली जानकारी, बोले– प्रशासन ले सख्त एक्शन

बरेली। नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गंगापुर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। शनिवार को कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया मौके पर पहुंचे और पीड़ित ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इसे संविधान और सामाजिक समरसता पर हमला बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
झुमका चौराहे से गंगापुर तक कांग्रेस का विरोध स्वर
शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे सांसद तनुज पुनिया बरेली पहुंचे। झुमका चौराहे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे नवाबगंज के ग्राम गंगापुर पहुंचे, जहां डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को क्षति पहुंचाई गई थी।
गांव में बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि यह घटना रात के अंधेरे में अंजाम दी गई। प्रतिमा टूटने से गांव में आक्रोश व्याप्त है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से भी सांसद ने बातचीत की और घटना की गंभीरता को साझा किया।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बोले सांसद
बाद में बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद पुनिया ने कहा”यह घटना सिर्फ मूर्ति तोड़ने की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द पर हमला है। पूरे प्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं और सरकार आंख मूंदे बैठी है। कांग्रेस पार्टी इस कृत्य की कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश अध्यक्ष ने घटना को गंभीरता से लिया है, जिसके तहत प्रतिनिधिमंडल उनके नेतृत्व में गंगापुर पहुंचा।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा
जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा”भाजपा सरकार में प्रशासनिक तंत्र फेल हो चुका है। एक के बाद एक घटनाएं घट रही हैं, लेकिन सत्ता पक्ष आत्ममुग्धता में जश्न मना रहा है।”
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के. बी. त्रिपाठी (गुरुजी) ने कहा”बाबा साहब की प्रतिमा तोड़कर समाज को बांटने की कोशिश की गई, लेकिन जनता अब पहले जैसी नहीं रही। लोग इन चालों को समझ चुके हैं। प्रशासन को ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल
गंगापुर दौरे में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से:
मिर्जा अशफाक सकलैनी – जिला अध्यक्ष
डॉ. के. बी. त्रिपाठी (गुरुजी) – प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व महापौर प्रत्याशी
दिनेश दद्दा एडवोकेट – महानगर अध्यक्ष
कृष्णकांत शर्मा, इलियास अंसारी, जिया उर रहमान
राजन उपाध्याय, रियाज उल प्रधान, इश्क बाग एडवोकेट
मुजम्मिल रज़ा खान, मुजम्मिल हुसैन, अयाज खान
नजमी खान जोया, कमरुद्दीन सैफी, सोनू सोनकर
तीरथ मधुकर, आरबी लाल प्रजापति, सुरेश वाल्मीकि
(इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे)