विवाहित महिला पर जुल्म की इन्तिहा, दहेज, दुष्कर्म प्रयास और अप्राकृतिक कृत्य का आरोप

बरेली/देवरनिया। थाना देवरनिया क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। शादी के चंद महीनों में ही एक विवाहित महिला ने अपने पति, ससुर, सास, ननदों और बहनोई पर लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने, अप्राकृतिक कृत्य करने और दुष्कर्म का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रार्थिनी सलोनी पुत्री जसवंत सिंह ने बताया कि उसकी शादी 29 जून 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। मायके पक्ष ने सामर्थ्य के अनुसार फर्नीचर, सोफा सेट, एसी, फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, अलमारी, गैस चूल्हा, सिलेंडर और नकद 3.50 लाख रुपये तथा साढ़े तीन तोला सोने के गहने दिए थे।
इसके बावजूद उसके पति राहुल और ससुरालीजन दहेज से असंतुष्ट रहे और आए दिन उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति जबरन अप्राकृतिक कृत्य करता था, वहीं बहनोई कपिल ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म का प्रयास भी किया।
शिकायत करने पर बेरहमी से पीटा
घटना 12 अक्टूबर 2025 की बतााई जा रही है। महिला के अनुसार, जब उसने बहनोई कपिल की हरकतों की शिकायत पति और ससुरालीजनों से की तो सभी ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा। पिटाई से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर आए तो ससुरालीजनों ने साफ कहा“जब तक पूरा दहेज नहीं दोगे, हम इसे नहीं रखेंगे… तुम लोग हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।”
पति की पहले भी हो चुकी हैं तीन शादियां
तहरीर में सलोनी ने बताया कि उसका पति राहुल दहेज के लिए पहले भी तीन शादियां कर चुका है। कुछ वर्ष पहले उसने रश्मी नाम की महिला से विवाह किया था और दहेज न मिलने पर उसे घर से निकाल दिया था। यह मामला अभी पारिवारिक न्यायालय बरेली में विचाराधीन है।
मोबाइल छीनकर अश्लील एडिटिंग का आरोप
महिला का आरोप है कि ससुराल के लोग उसका मोबाइल छीनकर रखते हैं और वीडियो एडिटिंग कर अश्लील हरकतों में उपयोग करते हैं, जिससे उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जाती है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
प्रार्थिनी ने थाना देवरनिया में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।





