डांस फ्लोर से फायरिंग तक! शादी में हंगामा, दूल्हा बंधक – दुल्हन का इनकार

बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र में उस वक्त शादी की खुशियों पर विवादों का ग्रहण लग गया जब डीजे पर डांस कर रहीं महिलाओं पर लड़के पक्ष के युवकों ने नोट उड़ाने शुरू कर दिए। बात इतनी बढ़ गई कि मामला फायरिंग, मारपीट और बंधक बनाने तक पहुंच गया। आखिर में दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और पुलिस ने दूल्हे के पिता को गिरफ्तार कर लिया।घटना थाना क्योलड़िया के गांव मधुनगला की है। यहां पूरनलाल की बेटी नीलम की शादी 8 जुलाई को थाना बीसलपुर के गांव भीमसेन निवासी सत्यवीर से तय हुई थी। बारात बरेली के एक मैरिज हॉल में पहुंची। शादी का कार्यक्रम ठीक-ठाक चल रहा था। डीजे पर महिलाएं और लड़कियां नाच रही थीं।इसी दौरान लड़के पक्ष के कुछ युवकों ने लड़कियों पर नोट उड़ाने शुरू कर दिए, जिससे लड़की पक्ष की महिलाओं ने आपत्ति जताई। पहले हल्की कहासुनी हुई लेकिन मामला किसी तरह शांत करा दिया गया।
बहनोई ने किया हमला, तमंचे-लाठी लेकर पहुंचे बदमाश
थोड़ी ही देर बाद मामला फिर तूल पकड़ गया, जब दूल्हे का बहनोई ज्ञानी एक गाड़ी में करीब दर्जनभर हथियारबंद लोगों को लेकर मैरिज हॉल पहुंच गया।
इन लोगों ने लड़की की मां सोमवती और दो भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। साथ ही जमकर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
इसके बाद हवाई फायरिंग करके समारोह में दहशत फैला दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर बारात और मेहमानों में भगदड़ मच गई।
लड़की पक्ष ने दूल्हा, फूफा और बारातियों को बंधक बनाया
घटना से नाराज लड़की पक्ष ने दूल्हे, उसके फूफा और कई अन्य बारातियों को बंधक बना लिया।
हालात बिगड़ते देख लड़के पक्ष ने समझौते का प्रयास किया और शादी के लिए हामी भी भर दी, लेकिन लड़की नीलम ने शादी से साफ इनकार कर दिया
घटना की सूचना मिलते ही क्योलड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच के बाद दूल्हे के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल महिला और युवकों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। लड़की के पिता ने नामजद तहरीर दी है, जिसमें दूल्हे के बहनोई सहित अन्य हमलावरों के नाम शामिल किर हर हैं।