नुक्कड़ नाटक से लेकर स्कूलों तक सड़क सुरक्षा का संदेश

बरेली। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत मंगलवार 06 जनवरी 2026 को जनपद बरेली के सेटेलाइट क्षेत्र में परिवहन विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वाहन चालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रभावी संदेश दिए गए।
कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त कमल प्रसाद गुप्ता, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, नवागंतुक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) वैभव सोती, रूहेलखंड डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण वाजपेई, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष अमरजीत बख्शी एवं शोभित सक्सेना सहित रोडवेज के चालक-परिचालक मौजूद रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की।
विद्यालयों में भी चला सड़क सुरक्षा अभियान
इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग बरेली में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
शपथ कार्यक्रम में मोटर वाहन निरीक्षक / सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने सभी को सुरक्षित यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष (महानगर) अधीर सक्सेना, प्रबंधक दिनेश मलिक, प्रधानाचार्य सुनील सिंह, उप-प्रधानाचार्य रामकिशोर सिंह, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों से लेकर आमजन तक सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।






