बंगाल विधानसभा चुनाव: कलकत्ता हाई कोर्ट ने मतदान केंद्रों की स्थिति पर चुनाव आयोग से मांगी रिपोर्ट
कलकत्ता हाई कोर्ट ने बंगाल में मतदान केंद्रों की स्थिति पर चुनाव आयोग से मांगी रिपोर्ट

कोलकाता। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट ने राज्य के मतदान केंद्रों की आधारभूत संरचना पर चुनाव आयोग से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
दरअसल, भाजपा के बंगाल अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने जनहित याचिका दाखिल कर कई मतदान केंद्रों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया था। याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायमूर्ति सुजय पाल और न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेन की खंडपीठ ने कहा कि चुनाव आयोग का पक्ष जाने बिना विस्तृत आदेश पारित नहीं किया जा सकता।
अदालत ने आयोग को निर्देश दिया है कि वह रिपोर्ट जमा कर बताए कि मतदान केंद्रों के रखरखाव और सुविधाओं के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। रिपोर्ट जमा होने के एक सप्ताह बाद मामले की अगली सुनवाई होगी।
सुविधाओं की कमी पर सवाल
याचिका में कहा गया है कि बंगाल के कई मतदान केंद्रों में न्यूनतम बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। वहां पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव है।
गौरतलब है कि मतदान केंद्रों की आधारभूत संरचना की समीक्षा करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है और वह इस बाबत राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश जारी कर सकता है।






