गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में दुष्कर्म प्रयास, आरोपी TTE निलंबित, 10 हजार इनाम घोषित

गोरखपुर से अहमदाबाद जा रही ट्रेन के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक युवती से दुष्कर्म की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपित टिकट परीक्षक (TTE) राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं Laxmi Niwas Mishra ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी है और घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
सेना भर्ती की तैयारी कर रही थी युवती
पीड़िता 22 वर्षीय युवती मूलतः मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में किराए पर रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। रविवार को वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी।
बताया गया है कि बलिया स्टेशन पर जल्दबाजी में टिकट न ले पाने के कारण वह ट्रेन में सवार हो गई। आरोप है कि टीटीई ने बिना टिकट यात्रा की कार्रवाई का भय दिखाया और पहले सीट दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह युवती को एसी प्रथम श्रेणी कोच के एक केबिन में ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि इंदारा और देवरिया के बीच चलती ट्रेन में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने कार्रवाई और कानूनी फंसाने की धमकी दी।
112 पर कॉल कर दी सूचना
युवती के अनुसार, किसी तरह केबिन से बाहर निकलकर उसने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को अलर्ट किया गया। हालांकि आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
गोरखपुर पहुंचने के बाद पीड़िता ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी टीटीई के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। बाद में विवेचना को देवरिया स्थानांतरित कर दिया गया है।
आरोपी निलंबित, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
रेलवे प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तत्काल निलंबित कर दिया है। पुलिस की टीमें पटना समेत अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान देवरिया में दर्ज किया जाएगा।
फिलहाल परिवार के सदस्य भी देवरिया पहुंच चुके हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।






