No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

Mathura News: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में भीषण आग, 48 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

No Slide Found In Slider.

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री समय रहते बाहर निकल गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि पूरी बस आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना नौझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 64 के पास हुई। आगरा से नोएडा की ओर जा रही इस निजी बस में करीब 48 यात्री सवार थे। सफर के दौरान अचानक बस के इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

अग्निशमन अधिकारी किशन लाल ने बताया कि चालक ने समय रहते स्थिति को भांप लिया। जैसे ही उसने इंजन से धुआं निकलते देखा, बस को तुरंत रोककर यात्रियों को सतर्क किया। चालक और स्टाफ की सूझबूझ के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और केवल उसका ढांचा ही बच पाया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बस के मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।

इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से यातायात को जल्द ही सामान्य कर दिया गया।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button