No Slide Found In Slider.
उत्तरप्रदेश

एंटी करप्शन की कार्रवाई पर उठे सवाल, लेखपाल संघ में उबाल

“जबरन रुपये पकड़ाकर फंसाने” का आरोप, पत्नी ने कोतवाली में दिया प्रार्थना पत्र

No Slide Found In Slider.

बरेली ब्रेकिंग न्यूज़
बरेली। तहसील सदर में तैनात एक लेखपाल को एंटी करप्शन टीम द्वारा कथित रिश्वत प्रकरण में पकड़े जाने के बाद मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कार्रवाई के विरोध में लेखपाल संघ खुलकर सामने आ गया है, वहीं लेखपाल की पत्नी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरे घटनाक्रम को लेकर तहसील परिसर में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
लेखपाल की पत्नी विशेषता गंगवार द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि उनके पति अपने कार्यालय में बैठकर शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे एंटी करप्शन टीम अचानक पहुंची और उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज करते हुए जबरन पकड़कर ले गई। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि टीम द्वारा मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
विशेषता गंगवार का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद उनका परिवार गहरे सदमे में है। मामले में उन्होंने कोतवाली निरीक्षक बरेली को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूत्रों के मुताबिक, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भी कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए हैं। एक युवक, जिसने खुद को चश्मे और दवा कारोबारी बताया, ने दावा किया कि लेखपाल को “जबरन रुपये पकड़ाकर रंगे हाथों गिरफ्तार” दिखाया गया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के बाद तहसील सदर परिसर में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। उधर, लेखपाल संघ के अध्यक्ष योगेंद्र पाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और संगठन जल्द आगे की रणनीति तय करेगा।
योगेंद्र पाल ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी के साथ अन्याय या मनमानी हुई है तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले को लेकर तहसील प्रशासन और कर्मचारियों में हलचल बनी हुई है।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button