No Slide Found In Slider.
बरेली

Bareilly News : ग्रेटर बरेली में आकार ले रहा ‘रुद्रवनम’, आध्यात्म और आधुनिकता का बनेगा नया केंद्र

No Slide Found In Slider.

Bareilly News : ग्रेटर बरेली में आकार ले रहा ‘रुद्रवनम’, आध्यात्म और आधुनिकता का बनेगा नया केंद्र
70 फीसदी निर्माण कार्य पूरा, जल्द जनता के लिए खुलेगा बीडीए का ड्रीम प्रोजेक्ट
बरेली। नाथ नगरी बरेली की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा विकसित किया जा रहा अत्याधुनिक और आध्यात्मिक थीम आधारित ‘रुद्रवनम पार्क’ अब तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। ग्रेटर बरेली क्षेत्र में बन रहे इस भव्य सेंट्रल पार्क का करीब 60 से 70 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और आने वाले समय में यह शहर के सबसे बड़े आकर्षण केंद्रों में शामिल होगा।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मणिकंडन ए ने बताया कि परियोजना पर तेजी से काम कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही पार्क को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रुद्रवनम सिर्फ एक पार्क नहीं, बल्कि बरेली की आध्यात्मिक विरासत, संस्कृति और आधुनिक शहरी विकास का संगम होगा।
नाथ नगरी की पहचान को मिलेगा नया आयाम
रुद्रवनम पार्क को विशेष रूप से बरेली की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। पार्क में विकसित किया जा रहा ‘नाथ म्यूजियम’ इसकी सबसे खास विशेषताओं में शामिल होगा। इस म्यूजियम में नाथ संप्रदाय की परंपराओं, बरेली के इतिहास, सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक महत्व से जुड़ी जानकारियां आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह म्यूजियम नई पीढ़ी को शहर की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
आधुनिक सुविधाओं से सजेगा रुद्रवनम
रुद्रवनम पार्क को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहां आने वाले लोगों को हरियाली और प्राकृतिक वातावरण के बीच सुकून का अनुभव मिलेगा। पार्क में योग एवं ध्यान स्थल, जॉगिंग ट्रैक, वॉकवे, आकर्षक बैठने की व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग, खूबसूरत लैंडस्केपिंग और ओपन ग्रीन स्पेस विकसित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा परिवारों, बच्चों और युवाओं के लिए भी विशेष सुविधाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि यह स्थान हर आयु वर्ग के लोगों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बन सके।
ग्रेटर बरेली का नया पर्यटन हब बनेगा पार्क
बीडीए अधिकारियों के मुताबिक रुद्रवनम आने वाले वर्षों में ग्रेटर बरेली का प्रमुख पर्यटन और रिक्रिएशन सेंटर बनकर उभरेगा। परियोजना का उद्देश्य शहर को एक आधुनिक, हरित और सुव्यवस्थित स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना है।
शहरवासियों को उम्मीद है कि रुद्रवनम पार्क शुरू होने के बाद बरेली को एक नया पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान केंद्र मिलेगा, जहां लोग प्रकृति, आध्यात्म और आधुनिक सुविधाओं का एक साथ आनंद उठा सकेंगे।
रिपोर्ट : देवेंद्र पटेल | LIVE BHARAT TV

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button