TGT परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा: फर्रुखाबाद के अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था आजमगढ़ का साल्वर, जांच में खुली पोल

बरेली। उत्तर प्रदेश में चल रही ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) परीक्षा के दौरान बरेली में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां एक अभ्यर्थी की जगह दूसरे युवक को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। मामला सामने आते ही परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी साल्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार जिले में टीजीटी परीक्षा के लिए शहर के इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। फर्रुखाबाद निवासी अभ्यर्थी विमल प्रताप सिंह का सेंटर इसी कॉलेज में पड़ा था। पहली पाली की परीक्षा के दौरान परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों को एक परीक्षार्थी की गतिविधियों पर संदेह हुआ।
शिक्षकों ने जब उसके दस्तावेजों और पहचान पत्र की गहनता से जांच की तो मामला संदिग्ध दिखाई दिया। इसके बाद उससे अलग कमरे में पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रमोद यादव निवासी आजमगढ़ बताया। जांच में खुलासा हुआ कि वह असली अभ्यर्थी विमल प्रताप सिंह की जगह परीक्षा देने बैठा था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी विमल प्रताप सिंह से परीक्षा पास कराने को लेकर डील हुई थी। इसके एवज में रकम तय की गई थी। हालांकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही असली अभ्यर्थी विमल प्रताप सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कॉलेज प्रशासन की ओर से आरोपी के खिलाफ तहरीर तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर धोखाधड़ी, कूटरचना और परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सख्त निगरानी की जा रही है। इस घटना के बाद अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।






