पीलीभीत बाईपास पर चला नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाकर वसूला 80 हजार जुर्माना

पीलीभीत बाईपास पर चला नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाकर वसूला 80 हजार जुर्माना
सेटेलाइट से बैरियर-2 तक चला विशेष अभियान, रेहड़ी-ठेले और फुटपाथ कब्जेदारों पर कार्रवाई
बरेली,शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम की टीम ने पीलीभीत बाईपास और एयरफोर्स रोड पर बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम अतिक्रमण दस्ते ने सेटेलाइट चौराहे से बैरियर-2 तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी कब्जों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कब्जेदारों से करीब 80 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे रेता-बजरी डालकर कब्जा करने वालों, फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों और ठेला-रेहड़ी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम टीम ने कई स्थानों से सामान भी जब्त किया और दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।
लगातार जारी है अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर निगम प्रशासन द्वारा शहरभर में सड़क और फुटपाथों को खाली कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार को कुतुबखाना, कोहाड़ापीर और शाहजहांपुर रोड पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। अधिकारियों के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में अब तक यह सबसे बड़ी जुर्माना वसूली की कार्रवाई रही।
“सड़क और फुटपाथ आमजन के लिए”
राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य सड़क और फुटपाथों को आमजन के आवागमन के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई कब्जेदारों का सामान जब्त किया गया है और दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिछले वर्ष 40 लाख से अधिक वसूला था जुर्माना
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बीते वर्ष अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत 40 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया था। वहीं चालू वर्ष के अप्रैल और मई माह में ही पांच लाख रुपये से अधिक की जुर्माना राशि वसूली जा चुकी है। नगर निगम का दावा है कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





