No Slide Found In Slider.
बरेली

ऊर्जा मंत्री कैलाश सिंह राजपूत का बरेली दौरा: बिजली चोरी और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने शनिवार को बरेली पहुंचकर कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

No Slide Found In Slider.

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने शनिवार को बरेली पहुंचकर कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने जिले की बिजली व्यवस्था, बिजली चोरी रोकने और विजिलेंस जांच की कार्यप्रणाली को लेकर कई महत्वपूर्ण और सख्त निर्देश जारी किए। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि जनता को बेहतर बिजली आपूर्ति देना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही या भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अब प्रदेश में बिजली चोरी या अन्य मामलों में विजिलेंस जांच और छापेमारी बिना बॉडी-वॉर्न कैमरे के नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बॉडी कैमरे के इस्तेमाल से कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी होगी और आम जनता के साथ किसी प्रकार की अभद्रता या गलत व्यवहार की शिकायतों पर रोक लगेगी। साथ ही जांच प्रक्रिया का पूरा रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा।
ऊर्जा मंत्री ने भ्रष्टाचार पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत ऐसे कर्मचारी जो उपभोक्ताओं को परेशान करते हैं या भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
गौरतलब है कि बीते दिनों बरेली में लगातार बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्याओं को लेकर जनता और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली थी। कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली फॉल्ट की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और खराब ट्रांसफार्मर को बिना देरी बदला जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर के पार्षदों और जूनियर इंजीनियरों (JE) के बीच सीधा संपर्क स्थापित किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर बिजली संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान हो सके। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और हर शिकायत का समयबद्ध निस्तारण हो।
ऊर्जा मंत्री ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को बिजली कटौती, गलत बिल, ट्रांसफार्मर खराब होने या अन्य किसी बिजली संबंधी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो वह उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

Related Articles

Back to top button