अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

बरेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और आत्मविश्वासी बनाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता मिली और आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने सभी जनपदवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। योगाचार्यों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
योग विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने योग को स्वस्थ और खुशहाल जीवन का आधार बताते हुए सभी को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान पूरे स्टेडियम में उत्साह और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के साथ-साथ स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जनपद बरेली में स्वास्थ्य जागरूकता, सामूहिक सहभागिता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।






