बरेली में गोवंश को पीटने का वीडियो वायरल, भुता पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

गोवंश पर हमले का वीडियो वायरल, भुता पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
भड़रिया गांव का मामला; गोवंश को डंडे से पीटकर घायल करने का आरोप, पुलिस हिरासत में हाथ जोड़कर माफी मांगते आरोपी का वीडियो भी चर्चा में
बरेली। थाना भुता क्षेत्र के ग्राम भड़रिया में गोवंश को कथित रूप से पीटकर घायल करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 27 वर्षीय श्रीकृष्ण पुत्र रामौतार को गिरफ्तार कर शांति व्यवस्था के मद्देनजर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में युवक अपने पाले हुए बछड़ों का चारा खाने आए आवारा गोवंश को डंडे से भगाता दिखाई दे रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों के अलग-अलग दावे भी सामने आए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि युवक के हाथ में भाला था, जबकि अन्य ग्रामीण इसे डंडा बता रहे हैं। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।
वीडियो बनाने वाले कार्यकर्ता से अभद्रता का आरोप
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ता राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने गोवंश पर कथित हमले का वीडियो बनाया था। उनका आरोप है कि घटना का विरोध करने और वीडियो बनाने पर उनके साथ अभद्रता व हाथापाई की गई और मोबाइल छीनने का भी प्रयास हुआ।
इसके बाद राजेश कुमार ने थाना भुता के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हिरासत में हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा आरोपी
मामले में एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें पुलिस हिरासत में श्रीकृष्ण दिवाकर लंगड़ाते हुए और हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कहता नजर आ रहा है।
पुलिस बोली—मामले की जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के अनुसार गोवंश के घायल होने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में युवक के हाथ में भाला था या डंडा, इसे लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शांति भंग की आशंका के मद्देनजर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेश कुमार और आरक्षी अरविंद कुमार शामिल रहे।





