नवदिया झादा ओवरब्रिज के नीचे हुआ हादसा; भाई के साथ ससुराल जा रही थी महिला, थानाध्यक्ष बोले—शिकायत मिली है, जांच के बाद होगी कार्रवाई।

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नवदिया झादा ओवरब्रिज के नीचे तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय महिला अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ससुराल जा रही थी। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पीड़ित पक्ष ने हादसे के बाद पकड़े गए बाइक चालक को पुलिस के हवाले करने और बाद में उसे छोड़ दिए जाने का आरोप लगाया है।
ग्राम रसुईया निवासी अशोक ने बताया कि वह अपनी बहन किस्मत को उसकी ससुराल मुड़िया अहमद छोड़ने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जब दोनों नवदिया झादा ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सड़क पर गिरी महिला
अशोक के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी उनकी बहन किस्मत सड़क पर गिर गईं। हादसे में उन्हें कई गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित का आरोप—पकड़कर पुलिस को सौंपा था बाइक चालक
पीड़ित अशोक का आरोप है कि दुर्घटना के बाद उन्होंने बाइक चालक को मौके पर पकड़ लिया और उसे पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया था। आरोप है कि बाद में पुलिसकर्मियों ने बाइक चालक को छोड़ दिया। इसको लेकर पीड़ित पक्ष ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष बोले—शिकायत मिली, मामले की जांच जारी
इस संबंध में बिथरी चैनपुर थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






