वर्षों से बकाया मानदेय को लेकर भड़के प्रेरक, तीन दिन का अल्टीमेटम; भुगतान नहीं तो होगा आंदोलन।
वर्षों से बकाया मानदेय को लेकर भड़के प्रेरक, तीन दिन का अल्टीमेटम; भुगतान नहीं तो होगा आंदोलन
बिथरी चैनपुर। वर्षों से लंबित मानदेय का भुगतान न होने से प्रेरकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लगातार हो रही अनदेखी से नाराज बड़ी संख्या में प्रेरकों ने सोमवार को विकासखंड बिथरी चैनपुर के सभागार में बैठक कर अपनी नाराजगी जाहिर की। बैठक में बकाया मानदेय के भुगतान की मांग उठाते हुए आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आशा गंगवार, पूर्व ब्लॉक कोऑर्डिनेटर कुंवरसेन और हेमंत कुमार ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष आशा गंगवार ने कहा कि लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने के कारण प्रेरकों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रेरकों से एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
वहीं, पूर्व ब्लॉक कोऑर्डिनेटर कुंवरसेन ने अधिकारियों को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में मानदेय भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो प्रेरक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में वक्ताओं ने लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग उठाई और चेतावनी दी कि अब आश्वासन से काम नहीं चलेगा। प्रेरकों ने अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर हरेंद्र पटेल, देवेंद्र यादव, लक्ष्मी यादव, प्रदीप कुमार गुप्ता, शबनम सिद्दीकी, वीरेंद्र, सुरजीत और अनूप सहित बड़ी संख्या में प्रेरक मौजूद रहे।
