ग्राम रोजगार सेवकों ने खोला मोर्चा, 3 दिसंबर को विधानसभा घेराव का ऐलान
लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों में आक्रोश, 23 नवंबर से विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का कार्य बहिष्कार
3 दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव की चेतावनी, मानदेय 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग
लाइव भारत टीवी, उत्तर प्रदेश। प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवकों ने लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान समेत विभिन्न विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 3 दिसंबर 2026 को लखनऊ में विधानसभा घेराव करने की चेतावनी दी है।
संगठन की ओर से 19 नवंबर 2026 को ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव को भेजे गए ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन और विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। इसी क्रम में 13 नवंबर को आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग के साथ ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा की वार्ता हुई थी। वार्ता के दौरान समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस निर्णय अथवा आधिकारिक घोषणा नहीं की गई।
24 हजार रुपये मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग
ग्राम रोजगार सेवकों की प्रमुख मांग है कि उनका मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित करने तथा अन्य लंबित विभागीय समस्याओं का समाधान किया जाए। संगठन का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाए जाने के बावजूद सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों में नाराजगी बढ़ रही है।
तीन चरणों में आंदोलन का ऐलान
संघर्ष मोर्चा ने अपने ज्ञापन में आंदोलन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा है कि 23 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बावजूद मांगों पर समयबद्ध निर्णय नहीं लिया गया तो 3 दिसंबर 2026 को प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवक लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।
अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की भी चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी है कि मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संगठन के प्रदेश संयोजकों ने प्रमुख सचिव से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि उप मुख्यमंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री तथा आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। अब देखना होगा कि शासन स्तर से ग्राम रोजगार सेवकों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।
