मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना: बरेली मंडल में 78 किसानों की खुली किस्मत, ट्रैक्टर से लेकर पंपिंग सेट तक मिलेंगे उपहार।

file_00000000054882089656e258162f0159
No Slide Found In Slider.

मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना: बरेली मंडल में 78 किसानों की खुली किस्मत, ट्रैक्टर से लेकर पंपिंग सेट तक मिलेंगे उपहार

 

बरेली। किसानों को प्रोत्साहित करने और कृषि कार्यों में उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत सोमवार, 23 नवंबर 2026 को मंडी समिति कार्यालय के सभागार में पुरस्कारों का मंडलीय ड्रॉ निकाला गया। अपर आयुक्त (प्रशासन), बरेली मंडल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 78 विजेता किसानों का चयन किया गया। योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर, पंपिंग सेट, चारा काटने की मशीन, मोटरसाइकिल, सोलर पावर पैक संयंत्र सहित विभिन्न कृषि उपयोगी उपकरण उपहार स्वरूप दिए जाएंगे।

मंडी परिषद की ओर से आयोजित इस ड्रॉ में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तृतीय एवं चतुर्थ त्रैमास तथा एक छमाही और वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम एवं द्वितीय त्रैमास तथा एक छमाही के पुरस्कारों के लिए लकी ड्रॉ निकाला गया। इसके लिए कुल 3,874 किसानों के 76,829 कूपन शामिल किए गए थे।

3,874 किसानों के 76,829 कूपन ड्रॉ में शामिल

मंडी परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के तृतीय त्रैमास में 1,040 किसानों के 20,224 कूपन और चतुर्थ त्रैमास में 779 किसानों के 11,331 कूपन ड्रॉ में शामिल किए गए। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम त्रैमास में 1,076 किसानों के 24,025 कूपन तथा द्वितीय त्रैमास में 979 किसानों के 21,249 कूपन शामिल हुए। इस प्रकार चारों त्रैमासिक ड्रॉ में कुल 3,874 किसानों के 76,829 कूपनों के माध्यम से विजेताओं का चयन किया गया।

ट्रैक्टर, पंपिंग सेट और मोटरसाइकिल सहित मिलेंगे आकर्षक उपहार

योजना के तहत चार त्रैमासिक ड्रॉ में कुल 44 पुरस्कार निर्धारित किए गए थे। इनमें प्रथम पुरस्कार के रूप में आठ हॉर्स पावर का किर्लोस्कर इंजन पंपिंग सेट आठ किसानों को, द्वितीय पुरस्कार के रूप में तीन हॉर्स पावर की चारा काटने की मशीन 12 किसानों को, तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 कुंतल क्षमता की बखारी 12 किसानों को तथा चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 12 किसानों को पावर स्प्रेयर दिया जाएगा।

वहीं, दो छमाही बंपर ड्रॉ में कुल 34 पुरस्कार रखे गए थे। इनमें 35 हॉर्स पावर के चार ट्रैक्टर, 20 हॉर्स पावर से कम क्षमता के चार छोटे ट्रैक्टर, 100 सीसी की छह मोटरसाइकिल और 20 सोलर पावर पैक संयंत्र शामिल हैं।

मंडलीय समिति की मौजूदगी में निकाला गया ड्रॉ

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर आयुक्त (प्रशासन), बरेली मंडल ने की। इस दौरान मंडलीय समिति के सदस्य उपनिदेशक (प्रशासन/विपणन), मंडी परिषद बरेली, मंडी सचिव बरेली और मंडलीय लेखाधिकारी सहित बरेली मंडल की विभिन्न मंडी समितियों के सचिव, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा मंडी समितियों से आए किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मंडी परिषद के उपनिदेशक (प्रशासन/विपणन) विश्वेन्द्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पुरस्कारों का ड्रॉ निकाला गया, जिसमें कुल 78 किसानों का चयन किया गया है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि कार्यों के लिए उपयोगी संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें प्रोत्साहित करना है।

मंडी परिषद की इस पहल से चयनित किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ मिलेगा, जिससे खेती-किसानी के कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV