ब्रिटिशकालीन कोतवाली को मिलेगा नया लुक, वाराणसी की तर्ज पर होगा सौंदर्यीकरण।

file_000000009ce48208af9f7cca207996fd
No Slide Found In Slider.

बरेली कोतवाली की बदलेगी तस्वीर, ऐतिहासिक भवन का होगा कायाकल्प; रोशनी से जगमगाएगा परिसर

बरेली। शहर की ऐतिहासिक पहचान और ब्रिटिशकालीन विरासत के रूप में खड़ी बरेली कोतवाली अब नए रूप में नजर आएगी। अगले वर्ष जनवरी में कोतवाली अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रही है। इस खास मौके पर जर्जर हो चुके ऐतिहासिक भवन के जीर्णोद्धार की तैयारी शुरू हो गई है। भवन की मरम्मत के साथ परिसर को आकर्षक बनाया जाएगा और आधुनिक रोशनी से जगमगाने की योजना है।

इस दिशा में एसपी सिटी चिराग जैन ने पहल की है। उन्होंने जिलाधिकारी, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष और नगर आयुक्त से इस संबंध में बातचीत की है। ऐतिहासिक भवन के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। योजना को प्रशासनिक स्तर पर मंजूरी मिलने के बाद काम आगे बढ़ाया जाएगा।

1927 में हुई थी कोतवाली की स्थापना, लंबे समय से मरम्मत का इंतजार

ब्रिटिशकाल में बने इस भवन में वर्ष 1927 में कोतवाली की स्थापना हुई थी। करीब एक सदी का इतिहास समेटे यह इमारत लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। बीते वर्षों में कोतवाली के कार्यालय के अंदर मरम्मत कराई गई और परिसर में कुछ नए भवन भी बनाए गए, लेकिन मुख्य ऐतिहासिक इमारत और पुराने आवासों की स्थिति लगातार खराब होती चली गई।

हालात यह हैं कि भवन की छत से पानी टपकता है और आवास पुलिसकर्मियों के रहने लायक नहीं रह गए हैं। छत पर पानी भरने से कार्यालयों को भी नुकसान पहुंच रहा है। कोतवाली परिसर में सीओ प्रथम का कार्यालय और रेडियो विभाग की शाखा भी संचालित होती है।

एसपी सिटी ने खुद देखी स्थिति, मंगवाईं भवन की तस्वीरें

झंडा दिवस के अवसर पर एसपी सिटी चिराग जैन कोतवाली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी राजीव कुमार से ऐतिहासिक भवन की स्थिति और उसके इतिहास की जानकारी ली। जब उन्हें बताया गया कि अगले वर्ष कोतवाली के 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं तो उन्होंने इसके जीर्णोद्धार की योजना बनाने में देर नहीं की। उन्होंने थाना प्रभारी से मुख्य भवन की अलग-अलग तस्वीरें भी मंगवाईं, ताकि मरम्मत और सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की जा सके।

इससे पहले एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों के लिए थानों में बैरक और आवास की स्थिति की जानकारी भी मांगी थी। इसके लिए निर्माण एजेंसियों से सर्वे कराने के संबंध में पत्र लिखा गया था।

वाराणसी की तर्ज पर संवारी जाएगी ऐतिहासिक इमारत

एसपी सिटी चिराग जैन के मुताबिक, कोतवाली के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसके जीर्णोद्धार को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की गई है। जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो पुलिस विभाग की ओर से भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वाराणसी की ऐतिहासिक कोतवाली के भवन का भी जीर्णोद्धार कर उसे आकर्षक रूप दिया गया है। उसी तर्ज पर बरेली कोतवाली की तस्वीर बदलने की योजना है। मकसद सिर्फ जर्जर भवन की मरम्मत करना नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक धरोहर को संवारकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना भी है।

एक सदी का इतिहास समेटे बरेली कोतवाली अब अपने शताब्दी वर्ष में नए रंग-रूप में नजर आ सकती है। प्रस्ताव पर अमल हुआ तो शहर को अपनी ऐतिहासिक विरासत का एक नया और आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा।

No Slide Found In Slider.

Live bharat TV

You may have missed