किसान आत्महत्या प्रकरण: बहेड़ी पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, परिजनों से आधे घंटे की बातचीत; बोले- रसूखदार से डरने की जरूरत नहीं
किसान आत्महत्या प्रकरण: बहेड़ी पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, परिजनों से आधे घंटे की बातचीत; बोले- रसूखदार से डरने की जरूरत नहीं
बरेली। किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। जमीन विवाद को लेकर जान गंवाने वाले किसान के परिवार से मिलने बृहस्पतिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद बहेड़ी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से करीब आधे घंटे तक बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजनों ने जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेज और पुराने मुकदमों का ब्यौरा मंत्री के सामने रखा। केंद्रीय मंत्री ने परिवार को निष्पक्ष जांच और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मृतक किसान के पुत्र एवं अधिवक्ता भाग सिंह ने मंत्री को बताया कि जमीन का विवाद करीब 75 साल पुराना है। उनके अनुसार, वर्ष 1951 में जमीन पूर्ण विजय सिंह को आवंटित हुई थी। इसके बाद जमीन को लेकर कई कानूनी लड़ाइयां चलीं। परिवार का दावा है कि वर्ष 1995 में भगवान सिंह ने यह जमीन खरीदी थी और उस समय इस पर कोई विवाद नहीं था।
भाग सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति केपी सिंह की पत्नी के नाम पर जमीन पर कब्जे का दावा सामने आया। उन्होंने कुलपति पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अवैध संपत्तियां होने के आरोप लगाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग भी उठाई।
मंत्री बोले- किसी के रसूख से दबने की जरूरत नहीं
परिवार की बात सुनने के बाद जितिन प्रसाद ने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, पीड़ित परिवार को उससे दबने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह से भी उसी दिन बात करेंगे, ताकि जांच में किसी तरह की लापरवाही न हो।
75 साल पुराने जमीन विवाद में अब तक क्या-क्या हुआ?
भाग सिंह ने जमीन विवाद का पुराना इतिहास बताते हुए कहा कि वर्ष 1964 में समझौते के तहत जमीन हरप्रिया के नाम हुई थी। वर्ष 1970 में उच्च न्यायालय ने एक याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद वर्ष 1999 में डीडीसी बरेली ने हरप्रिया के पक्ष में फैसला सुनाया।
परिवार के अनुसार, वर्ष 2015 में 1999 के आदेश के आधार पर भगवान सिंह को जमीन पर कब्जा मिला था। इसके बाद वर्ष 2019 में उच्च न्यायालय ने भी भगवान सिंह का कब्जा बरकरार रखा था।
अब किसान की मौत के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है, वहीं केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
रिपोर्ट देवेंद्र पटेल बरेली
