कमिश्नरी गेट पर किसानों का धरना, दोनों ओर लगा जाम; कमिश्नर को बुलाने की मांग पर अड़े किसान।
कमिश्नरी गेट पर किसानों का धरना, दोनों ओर लगा जाम; कमिश्नर को बुलाने की मांग पर अड़े किसान
बरेली। अपनी मांगों को लेकर किसानों ने बरेली कमिश्नरी गेट पर धरना देकर प्रशासन के सामने मुश्किलें खड़ी कर दीं। किसानों के धरने के चलते कमिश्नरी के दोनों ओर सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई। किसान अधिकारियों को ज्ञापन देने के बजाय मंडलायुक्त को मौके पर बुलाने और उन्हीं के हाथों ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे।
धरने के दौरान एडीएम सिटी किसानों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत कर धरना समाप्त करने तथा ज्ञापन सौंपने के लिए समझाने का प्रयास किया। हालांकि, किसान अपनी मांग पर कायम रहे। उनका कहना था कि वे अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे मंडलायुक्त के सामने रखना चाहते हैं। जब तक कमिश्नर मौके पर नहीं आएंगे, तब तक धरना जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने अमर उजाला से बातचीत में प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि रात से धरनास्थल पर प्रशासन की ओर से किसानों के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। किसानों को न तो शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई और न ही पीने के पानी का इंतजाम किया गया। उनका कहना था कि किसान पूरी रात खुले आसमान के नीचे लेटे रहे, लेकिन उनकी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया।
किसानों ने प्रशासन से समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेने और मंडलायुक्त के स्तर पर वार्ता कराने की मांग की। वहीं, कमिश्नरी गेट पर धरना जारी रहने से आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल किसानों की मांग है कि मंडलायुक्त स्वयं मौके पर पहुंचकर उनका ज्ञापन लें और समस्याओं के समाधान को लेकर बातचीत करें।
