बरेली विकास भवन में करीब 700 ग्राम रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय और लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। 3 दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव का ऐलान।
बकाया मानदेय और लंबित मांगों को लेकर रोजगार सेवकों का विकास भवन में जोरदार प्रदर्शन, 3 दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव का ऐलान
बरेली। बकाया मानदेय के भुगतान और विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ बरेली के जिलाध्यक्ष गंगादीन कश्यप के नेतृत्व में जिले के करीब 700 ग्राम रोजगार सेवकों ने विकास भवन परिसर में एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई और शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
आंदोलन को विभिन्न कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिला। एपीओ संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सक्सेना, टीए संघ के जिलाध्यक्ष महावीर सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के जिलाध्यक्ष संजय तथा लेखा सहायक संघ के जिलाध्यक्ष मनोज ढल ने ग्राम रोजगार सेवक संघ को लिखित समर्थन दिया। इसके साथ ही सभी पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल होकर रोजगार सेवकों की मांगों के समर्थन में खड़े नजर आए।
प्रदर्शन के उपरांत जिलाध्यक्ष गंगादीन कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय के भुगतान समेत अन्य मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघ ने आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप देने का ऐलान करते हुए कहा कि 3 दिसंबर 2026 को बरेली समेत पूरे उत्तर प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवक लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों और मानदेय भुगतान में हो रही देरी के चलते रोजगार सेवकों में नाराजगी बढ़ रही है। अब मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।
इस दौरान ग्राम रोजगार सेवक संघ के महामंत्री आरके गंगवार, जिला प्रभारी सतीश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष ओमाधार यादव सहित सभी ब्लॉक अध्यक्ष सर्वेश गंगवार, दिग्विजय सिंह, ओमकार सिंह, पप्पू खान, पोथीराम मौर्य, नरेंद्र गंगवार, नंदलाल, महेंद्र राजपूत, रामनिवास दिवाकर समेत बड़ी संख्या में रोजगार सेवक एवं कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
संघर्ष का संदेश साफ है—बकाया मानदेय का भुगतान और लंबित मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
