सुरेश प्रधान समेत छह लोगों पर लगा गुंडा एक्ट
सुरेश प्रधान समेत छह लोगों पर लगा गुंडा एक्ट
बरेली के फरीदपुर के चर्चित कटरी कांड के गुनाहगारों पर शिकंजा कसा जा रहा है। एसपी उत्तरी ने दोनों पक्षों के छह आरोपियों को गुंडा एक्ट में निरुद्ध कर दिया है। इन्हें जिला बदर करने की संस्तुति भी की गई है, जिसका फैसला जिला प्रशासन की ओर से लिया जाएगा।
पिछली साल जनवरी में गोविंदपुर की कटरी में जमीन पर कब्जे की कोशिश में गोलियां तड़तड़़ाई थीं। रायपुर हंस गांव के पूर्व प्रधान हिस्ट्रीशीटर सुरेश प्रधान और पंजाब से कटरी में आकर झाला बनाने वाले परमवीर सिंह के लोगों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की थी। इसमें सुरेश प्रधान की नाव चलाकर लाए गोलू पंखिया व परमवीर सिंह के दो साथियों की हत्या हो गई थी।
दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने भी दोनों गुटों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की थी। इन दिनों इस केस की सुनवाई विशेष अदालत में चल रही है। दोनों ही पक्षों की जमानत हो चुकी है और अक्सर ही वह तारीखों पर एक-दूसरे के सामने आ रहे हैं।
दोनों गुटों में टकराव की गुंजाइश टालने और माफिया पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने भी कार्रवाई कर दी है। दोनों पक्षों के तीन-तीन लोगों को गुंडा एक्ट में निरुद्ध किया गया है। इनमें एक पक्ष के रायपुर हंस गांव निवासी सुरेश पाल सिंह तोमर उर्फ सुरेश प्रधान, उसका बेटा विकास सिंह व भतीजा अजीत पाल सिंह पर गुंडा एक्ट लगाया गया है।
वहीं परमवीर सिंह के मुनीम खजांची लाल शर्मा निवासी जिला होशियारपुर पंजाब, परमवीर के कर्मचारी पंजाब निवासी विकल और अनमोल रतन पर भी यही कार्रवाई की गई है।
एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने बताया कि दोनों पक्ष के छह लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। इन सभी को जिला बदर भी किया जाएगा, जिसका निर्णय जिला प्रशासन के स्तर से लिया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट एजेंसी