सुभाषनगर से नाबालिग लड़की रहस्यमय तरीके से लापता

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के पुरबा बब्बन खां, चर्च वाली गली में नाबालिग लड़की के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। लड़की के पालक ने पुलिस को दी तहरीर में पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर उसे बहकाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित निवासी पुरबा बब्बन खां ने थाना सुभाषनगर में दी तहरीर में बताया कि उनकी भतीजी (उम्र करीब 17 वर्ष) चार साल से उनके साथ रह रही थी। उसकी मां के निधन के बाद वही उसकी देखभाल और परवरिश कर रहे थे।
पीड़ित का कहना है कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर घर से भगा दिया। उन्होंने बताया कि लड़की को काफी तलाश किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
प्रार्थी ने बताया कि जल्द ही लड़की की शादी तय की गई थी और इसकी जानकारी उक्त महिला को थी। उनका आरोप है कि महिला पहले से धमकी देती थी कि “मैं तुम्हारी नाक कटवाकर रहूंगी।”
सूचना पर पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुभाषनगर थाना पुलिस का कहना है कि “गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। नाबालिग को बरामद करने और आरोपों की जांच के लिए टीम लगाई गई है।”






