सेवा से हटाए गए मस्टर रोल कर्मचारियों का संघर्ष: तीसरे दिन धरने के बाद सौंपा ज्ञापन

बरेली। बरेली कॉलेज में कार्यरत मस्टर रोल सफाई कर्मचारियो को अचानक सेवा से हटाने के बाद अब उनका आंदोलन तेज हो गया है। शुक्रवार को धरने के तीसरे दिन, कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने अपनी नौकरी बहाली की मांग की।
बिना पूर्व सूचना हटाए जाने से नाराज कर्मचारी
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस दिए सेवा से हटा दिया गया, जिससे उनकी आजीविका पर संकट आ गया है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने और उनकी सेवाओं को बहाल करने की अपील की ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोष सुचारु रूप से कर सकें।
संघर्ष को मिला समर्थन
धरना स्थल से कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा सदस्य हरीश मौर्य, सुनील कुमार और पूरनलाल मसीह मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों के साथ हुए इस अन्याय की निंदा करते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
आंदोलन की चेतावनी
आलोक कुमार, संजीव, नितिन, अरविंद, राजू समेत सभी हटाए गए सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो वे कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन के खिलाफ बड़े आंदोलन की ओर बढ़ेंगे।
कर्मचारियों की पीड़ा
धरने में शामिल कर्मचारी आलोक कुमार ने कहा, “हम वर्षों से मेहनत कर रहे थे, लेकिन अचानक हमें बाहर कर दिया गया। हमारे पास कोई और साधन नहीं है। हम मांग करते हैं कि हमें फिर से नौकरी पर रखा जाए।”