बरेली कॉलेज में सफाई कर्मचारियों का धरना आठवें दिन भी जारी, 15 मई से क्रमिक अनशन की चेतावनी

बरेली। बरेली कॉलेज बरेली से हटाए गए मस्टर रोल सफाई कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को धरना आंदोलन का आठवां दिन था। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 मई तक उनकी सेवाएं बहाल नहीं की जातीं, तो वे क्रमिक अनशन की शुरुआत करेंगे। इसके बाद भी अगर उनकी आवाज़ नहीं सुनी गई तो वे आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें बिना किसी नोटिस या कारण बताए अचानक काम से हटा दिया गया, जो न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि उनके परिवारों की आजीविका पर सीधा प्रहार है।
इस मामले में सफाई कर्मचारियों ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया को भी ज्ञापन भेजकर न्याय की मांग की है।
धरने को नगर निगम कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष ठाकुर मिशन पाल सिंह का समर्थन मिला है। उन्होंने साफ कहा कि यदि पीड़ित कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला, तो संगठन उनके साथ खड़ा रहेगा और संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर कर्मचारी कल्याण सेवा समिति, बरेली कॉलेज बरेली के पदाधिकारी भी पहुंचे और सफाई कर्मचारियों की मांगों को उचित ठहराते हुए प्रशासन से तत्काल बहाली की अपील की।
धरने में शामिल प्रमुख कर्मचारी:
संजीव, आलोक, अरविंद, राजू, पूरनलाल मसीह समेत अन्य मस्टर रोल सफाई कर्मचारी लगातार प्रदर्शन में जुटे हैं।
क्या है कर्मचारियों की मांग:
बिना शर्त सेवा बहाली
भविष्य में सेवा सुरक्षा की गारंटी
पीएफ और बकाया वेतन का भुगतान