नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा की एकतरफा पकड़, आठवीं बार निर्विरोध चुने गए सदस्य
नामांकन के बराबर पद होने से नहीं हुआ मतदान, कार्यकारिणी में अब भाजपा के 10 और सपा के 2 सदस्य

बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी में एक बार फिर भाजपा ने निर्विरोध वर्चस्व कायम किया है। लगातार आठवीं बार बिना मतदान के चुनाव संपन्न हुआ। इस बार भी भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद कार्यकारिणी में शामिल हुए हैं। कुल 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में अब भाजपा के 10 और समाजवादी पार्टी के 2 सदस्य हो गए हैं।
गुरुवार को नगर निगम सभागार में पूर्वाह्न 11:30 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। छह पदों के लिए छह ही नामांकन आने के कारण सभी उम्मीदवार निर्विरोध रूप से निर्वाचित घोषित कर दिए गए।
निर्वाचित सदस्य इस प्रकार हैं:
भाजपा से —हर्ष कुमारी (वार्ड 38),पूनम राठौर (वार्ड 43),मुकेश सिंघल (वार्ड 72),सतीश कातिब (वार्ड 23)
सपा से —गुलबशर (वार्ड 73)
इनका कार्यकाल दो वर्षों के लिए होगा। निर्वाचित सदस्यों ने कहा कि वे वार्ड सीमाओं से ऊपर उठकर शहर के हर हिस्से की समस्याएं उठाएंगे और उनका समाधान कराएंगे।
महापौर ने किया स्पष्ट संदेश
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने सदस्यों को बधाई देते हुए कहा“अब जिम्मेदारी सिर्फ वार्ड की नहीं बल्कि पूरे शहर की है। जनता के मुद्दों को नगर निगम के मंच पर मजबूती से रखें और विकास को गति दें।”
सेवानिवृत्त सदस्यों को मिला सम्मान
बैठक में पूर्व कार्यकारिणी सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वालों में उप सभापति सर्वेश रस्तोगी,सदस्य गरिमा कमांडो,नीरज कुमार,सागर मौर्य,सलीम पटवारी,सौरभ कुमार शामिल हैं।सम्मान समारोह में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य भी उपस्थित रहे।