कृषि अधिकारी से अभद्रता पर भड़के कर्मी, आरोपी की गिरफ्तारी तक कलमबंद हड़ताल जारी रखने की चेतावनी

पीलीभीत। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक के दौरान कृषि अधिकारी से की गई अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना पर सरकारी कर्मचारियों का आक्रोश फूट पड़ा है। शुक्रवार को जिलेभर के राजकीय कर्मचारी एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलमबंद हड़ताल पर चले गए।
सुबह से ही विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में जुटने लगे थे। इसके बाद नारेबाजी करते हुए उन्होंने परिसर में जुलूस निकाला और कई कार्यालयों को बंद कराकर कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन भी सौंपा।
इस दौरान एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया भी डीएम के साथ मौजूद रहीं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन और हड़ताल जारी रहेगी।
क्या है मामला
बताया जा रहा है कि बीते दिन जिला पंचायत बोर्ड की बैठक के दौरान एक जनप्रतिनिधि द्वारा कृषि विभाग के अधिकारी के साथ अभद्रता की गई और उन्हें थप्पड़ मार दिया गया। इस मामले में पीड़ित अधिकारी की तहरीर पर सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
कर्मचारियों की मांगें
आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हो
भविष्य में सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं
दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो
परिसर में रही हलचल
कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई कार्यालयों में ताले लटके रहे और जरूरी कामकाज प्रभावित हुआ। आम जनता को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
यह बोले कर्मचारी नेता
राजकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष ने कहा —
“सरकारी कर्मचारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र होगा।”