पैसे छीनने के बाद मजदूर पर चाकू से हमला, हालत नाजुक

बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव रायपुरा जागीर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मजदूर पर उसके ही साथी ने पैसे छीनकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ऐसे हुई वारदात
गांव रायपुरा जागीर निवासी 50 वर्षीय राम अवतार उर्फ़ छंगे लाल पुत्र प्रीतम सिंह रोज की तरह सुबह मजदूरी करने फतेहगंज पश्चिमी अड्डे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ काम करने वाला साथी मजदूर अशोक (निवासी- ग्राम बेगमाबाद, थाना विलास नगर, जिला रामपुर) भी साथ था। रास्ते में ही उसकी नीयत खराब हो गई।
पीड़ित राम अवतार ने बताया कि अशोक ने पहले उनकी जेब से ₹5000 छीन लिए और फिर उन्हें जबरन जंगल की ओर ले गया। वहां उसने अचानक पेट के बाईं ओर चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
खून से लथपथ राम अवतार ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन से सूचना दी। आनन-फानन में पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी केंद्र पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने तुरंत जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया।
पुलिस सक्रिय
वारदात के बाद पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने आरोपी अशोक की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।