बांग्लादेशी को भाया बरेली, चोरी छिपे आकर खोल लिया क्लीनिक, बन बैठा बंगाली डॉक्टर, गिरफ्तार

बरेली। एक बांग्लादेशी शख्स को बरेली जनपद का फतेहगंज पश्चिमी इलाका इतना पसंद आया कि एक बार वैध तरीके से आने के बाद वह दोबारा अवैध रूप से भारत में घुस आया। उसने फतेहगंज पश्चिमी में आकर अवैध रूप से रहने लगा। उसने यहां क्लीनिक भी खोल लिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक का नाम राजू उर्फ राज मंडल है। वह ढाका के पास खुला गाटा जिले के सुंदर महल का रहने वाला है। पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने बताया कि वर्ष 2017 में वह वीजा लेकर बांग्लादेश से बरेली आया था और अगली साल वापस चला गया। उसे बरेली काफी पसंद आया। उसे यहां रोजगार की संभावना दिखी। वह दोबारा अवैध तरीके से भारत आया और यहां बल्लिया गांव में क्लीनिक खोलकर खुद को बंगाली डॉक्टर बताने लगा। पुलिस की जांच पड़ताल में उसकी पोल खुल गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
शादी की तैयारी में था झोलाछाप, सत्यापन में खुली पोल
जिले में अवैध रूप से रह रहे राजू उर्फ राज मंडल ने बताया कि उसका पूरा परिवार बांग्लादेश में है। वीजा समाप्त होने पर जब वह गया था तो उसका रिश्ता होने वाला था, जबकि उसकी इच्छा दिल्ली, बरेली या फतेहगंज पश्चिमी इलाके में रहकर परिवार बसाने की थी। सूत्रों के मुताबिक, उसने यहां एक बंगाली परिवार में रिश्ते की बात कर ली थी। जल्दी ही उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन पुलिस के सत्यान अभियान में उसकी पोल खुल गई।
डेढ़ महीने पहले जब पुलिस ने जिले में बांग्लादेशी व रोहिंग्या की पहचान के लिए अभियान चलाया तो किसी ने राजू मंडल के बारे में पुलिस को बता दिया। इस पर पुलिस ने गोपनीय छानबीन शुरू कर दी। किसी तरह उसे इसकी भनक लग गई तो वह ढाई महीने पहले क्लीनिक बंद करके दिल्ली चला गया।
उसने सोचा कि मामला शांत हो गया होगा। 10 दिन पहले वह फिर बल्लिया स्थित क्लीनिक पर आया। तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया वह बांग्लादेश से अकेले ही आया था। उसका बरेली में कोई नेटवर्क नहीं है, लेकिन दिल्ली में उसके जैसे तमाम लोग पहले से रहते हैं। वह चाहता है कि अगर उसने गुनाह किया है तो दिल्ली में रहने वाले बांग्लादेशियों की भी गिरफ्तारी की जाए।
स्वास्थ्य विभाग टीम पहुंची
पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद खिरका सीएचसी प्रभारी संचित शर्मा की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पता लगा कि चिकित्सा पेशे से जुड़ा कोई कागजात उसके पास नहीं था।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्री ने बताया कि अवैध रूप से फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में रह रहे झोलाछाप राजू मंडल को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास दिल्ली के जो दस्तावेज मिले, वह उसने फर्जी तरीके से तैयार कराए हैं। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में सच्चाई सामने लाई जाएगी।